गरीब गुरबों की सेवा करना मेरा उद्देश्यः धनपति महतो


रांची। देवी दुर्गा की आराधना का पर्व पूरे देश में मनाया जा रहा है। शक्ति की आराधना हर कोई अपनी अपनी रुचि व स्वभाव के अनुसार मना रहा है। शक्ति आराधना का सबसे अनूठा तरीका निकाला है नरेंद्र मोदी विचार मंच के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धनपति महतो ने। धनपति महतो ने पूरे नवरात्र को समाजसेवा के नाम समर्पित किया हुआ है। उन्होंने नवमी को 101 गरीब कन्याओं को आर्थिक मदद देकर एक नया आयाम स्थापित किया। समाज सेवा को अपना परम धर्म मानने वाले धनपति महतो ने बताया कि उन्हें गरीब गुरबों की सेवा करके आत्मिक शांति मिलती है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि समाज सेवा का यह कार्य वह स्वयं के पैसे से करते हैं।


गौरतलब है कि अभी हाल ही में 2 अक्टूबर को उन्होंने बुजुर्गों को धोती देकर उनका सम्मान किया था। बच्चों में टाफियां बटवाई थी साथ ही महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपनों को साकार करने के लिए न केवल स्वयं झाड़ू उठाकर साफ सफाई की बल्कि लोगों को भी जागरूक किया था।  कई सामाजिक संगठनों को आर्थिक व अन्य तरह की मदद देने वाले धनपति महतो इलाके के जनप्रिय नेताओं में से एक हैं। स्थानीय लोग उनकी इस समाजसेवा से इतने प्रसन्न हैं कि उन्होंने विधानसभा चुनाव में इन्हें टिकट देने की मांग की है। इस संबंध में सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ताओं व बुद्धिजीवियों ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को पत्र लिखकर कहा है कि अगर धनपति महतो को सिल्ली विधानसभा से पार्टी उम्मीदवार बनाती है तो उनकी जीत सौ प्रतिशत निश्चित है।