पत्रकार रवि अटल ने शुरू की धमाकेदार राजनीतिक पारी


पटना। जयप्रकाश आंदोलन के प्रमुख सेनानी व ख्यातिलब्ध पत्रकार रवि अटल को राष्ट्रवादी विकास पार्टी का बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में रवि अटल की नियुक्ति से पत्रकारों व बुद्धिजीवी वर्ग में हर्ष की लहर है। उल्लेखनीय है कि रवि अटल हिंदुस्थान समाचार समूह के अखबार देशप्राण के प्रबंध संपादक हैं। वे बिहार व देश के मुद्दों पर बेबाक लेखनी के लिए जाने जाते हैं। स्वस्थ भारत, सशक्त भारत व समृद्ध भारत के लक्ष्य को लेकर गठित राष्ट्रवादी विकास पार्टी का बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद रवि अटल ने कहा कि झूठे आश्वासनों के जरिए आज तक राजनेताओं ने केवल और केवल जनता को छला है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उनकी पार्टी बिहार को विकास के उच्चतम पायदान उसका पुराना गौरव लौटाने के लिए कृतसंकल्पित है।


राष्ट्रवादी विकास पार्टी के नवनियुक्त बिहार प्रदेश अध्यक्ष रवि अटल ने बताया कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में अच्छे उम्मीदवारों को टिकट देगी ताकि सूबे की सूरत बदली जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी बिहार की सभी 243 सीटों पर अपने बलबूते दमदार प्रत्याशी उतारेगी। समान विचार धारा वाली पार्टियां अगर गठबंधन करना चाहेंगी तो उनकी पार्टी जरूर विचार करेगी परंतु जदयू भाजपा से कोई दोस्ती नही होगी। रवि अटल के मुताबिक 117 विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों का चयन कर फैसला लेने के लिये आलाकमान को भेज दिया गया है उन्होंने कहा चुनाव जब भी हो उनकी पार्टी पूरी तरह तैयार है। लॉकडाउन समाप्त होने के बाद पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए धारदार रणनीति के साथ सभी जिलों के हर प्रखंड का दौरा करेंगे। उन्होंने राज्य की जनता को एक सशक्त विकल्प देने का वादा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी जो भी वादा करेगी वह सौ प्रतिशत पूरा करेगी।