रांची। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने की बात करने वाले सुदेश महतो से जितना जल्दी हो सके भाजपा को संबंध तोड़ लेना चाहिए। सुदेश महतो जिस पत्तल में खा रहे हैं उसी में छेद कर रहे हैं। यह कहना है नरेंद्र मोदी विचार मंच के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष धनपति महतो का। सुदेश के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए धनपति महतो ने कहा कि झारखंड सरकार में शामिल होकर सत्ता की मलाई खा रहे सुदेश महतो अब मुख्यमंत्री रघुवर दास को ही बाहरी बताने लगे हैं। जब चुनाव सिर पर है तब उन्हें यह ज्ञान क्यों आया। अगर उन्हें परेशानी थी तो वे अब तक सत्ता की मलाई क्यों चाट रहे थे।
गौरतलब है कि चाईबासा में आजसू प्रमुख ने जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में सीएनटी-एसपीटी संशोधन का विरोध करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का व्यक्ति झारखंड का मुख्यमंत्री बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाया जाएगा। इस पर धनपति महतो ने सुदेश महतो की आलोचना करते हुए कहा कि आजसू प्रमुख कभी भी विश्वसनीय नहीं रहे हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा नेतृत्व को उनसे जितना जल्दी हो सके संबंध तोड़ लेना चाहिए। सुदेश की असलियत राज्य की जनता जान चुकी है। जनसमर्थन खो चुके सुदेश महतो इसी तरह की उल जूलूल बातें कर के वह मीडिया में बने रहना चाहते हैं। धनपति महतो ने दावा किया कि अगर पार्टी सुदेश से संबंध विच्छेद करती है तो उसको किसी तरह की हानि होने के बजाय लाभ ही होगा।