इसरो चीफ सिवन पर सब फिदा


चेन्नै। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख डॉक्टर के सिवन को रॉकेटमैन के रूप में जाना जाता है। भारत के महत्वाकांक्षी मून मिशन के सूत्रधार के रूप में उनकी हर ओर चर्चा है। इस बीच, इसरो चीफ की एक विडियो क्लिपिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। एक क्षेत्रीय समाचार चैनल के पत्रकार ने जब उनसे इंटरव्यू में तमिलनाडु के लोगों को खास संदेश देने को कहा तो सिवन ने सबसे पहले भारतीय होने की बात करते हुए हर किसी का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर भी यह विडियो खूब शेयर हो रहा है।
जनवरी 2018 में इसरो चीफ सिवन का एक क्षेत्रीय न्यूज चैनल ने इंटरव्यू लिया। इस दौरान रिपोर्टर ने सवाल पूछा, 'एक तमिल के रूप में आप इतने बड़े पद पर पहुंचे हैं, तमिलनाडु के लोगों के लिए आप क्या कहना चाहते हैं?' इस पर सिवन ने जवाब दिया, 'सबसे पहले मैं एक भारतीय हूं। मैंने एक भारतीय के रूप में इसरो जॉइन किया। इसरो ऐसी जगह है जहां सभी क्षेत्रों और अलग-अलग भाषाओं वाले लोग एक साथ काम करते हैं और अपना योगदान देते हैं। मैं अपने भाइयों के प्रति आभारी हूं, जो मेरी प्रशंसा करते हैं।'