हैरान करने वाली घटना

एक तरफ सरकार जनसंख्या को कंट्रोल करने को लेकर परेशान है, वहीं दूसरी तरफ महाराष्ट्र के बीड से एक ऐसी चौंकाने वाली खबर आई है जिसे पढ़ सुनकर हर कोई भौंचक्का है। देश की बढ़ती आबादी से परेशान केंद्र व राज्य सरकार जहां जनसंख्या नियंत्रण के प्रयास में जटी है। वहीं पहले से ही 11 बच्चों की मां बीड की माजलगाव तहसील की 38 साल की महिला 17वीं बार गर्भवती हुई है। इस घटना के बारे में जानकर राज्य के स्वास्‍थ्‍य विभाग के कर्मचारी महिला को स्वास्‍थ्‍य सेवाएं देने के लिए खुद आगे आए हैं। सरकार सिर्फ दो बच्चों के लिए लोगों को प्रेरित कर रही है। ऐसे में यह महिला 17 बार गर्भवती हुई। उसके 5 बच्चों की मौत डिलीवरी के समय हो चुकी है। फिलहाल उसके 11 बच्चे जीवित हैं। इनमें दो लड़के और 9 लड़कियां हैं। माजलगाव के केसापूर कैम्प में अपने पति मालोजी खरात के साथ रहने वाली लंकाबाई खरात नाम की यह महिला कचरा बीनकर अपना गुजारा करती है।  स्वास्‍थ्‍य विभाग की ओर से कराई गई सोनोग्राफी से पता चला है कि महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।